Location: भंडरिया
शीर्षक:
गढ़िया गांव में 65 वर्षीय वृद्ध की हत्या, रात में घर में घुसकर अपराधियों ने किया हमला
खबर विस्तार:
गढ़वा जिले के बड़गढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़िया गांव में शुक्रवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने 65 वर्षीय वृद्ध चंद्रिका राम की हत्या कर दी। घटना की जानकारी शनिवार सुबह मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलने पर बड़गढ़ थाना के एएसआई दिनेश माझी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद परिजनों को सौंप दिया।
मृतक के बड़े पुत्र नागेंद्र कुमार रवि ने बताया कि उनका मंझला भाई अपने बच्चों के इलाज के लिए बाहर गया हुआ था। इसी दौरान उनके पिता रात में घर में अकेले सो रहे थे। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात अपराधी घर में घुसे और चंद्रिका राम पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। गांव में घटना के बाद से दहशत का माहौल है।











