Location: Ranka
शीर्षक: चुटिया पंचायत में 15वें वित्त की राशि के कथित दुरुपयोग का मामला, उपायुक्त ने जांच के दिए आदेश
रंका (गढ़वा)। भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई को लेकर चर्चित गढ़वा उपायुक्त दिनेश कुमार यादव से जिले की आम जनता की उम्मीदें बढ़ी हैं। ग्रामीण इलाकों में उन्हें भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करने वाले अधिकारी के रूप में देखा जा रहा है। इसी क्रम में रंका प्रखंड के चुटिया पंचायत से जुड़ा एक गंभीर मामला उपायुक्त के समक्ष पहुंचा है।
चुटिया गांव के ग्रामीणों ने प्रमाण सहित हस्ताक्षरयुक्त आवेदन देकर पंचायत की मुखिया पर 15वें वित्त आयोग की राशि के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। आवेदन के अनुसार, पंचायत मुखिया द्वारा करीब साढ़े चार लाख रुपये से अधिक की राशि कथित रूप से अपने रिश्तेदार के खाते में स्थानांतरित कर बाद में उससे वसूली की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त दिनेश कुमार यादव ने जिला पंचायती राज पदाधिकारी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है और जांचोपरांत शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
ग्रामीणों ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि वर्ष 2024 में क्षेत्रीय विधायक सह मंत्री मिथलेश कुमार ठाकुर द्वारा विधायक निधि से गोदरमाना बाजार में प्रदीप साव के घर से सलामुद्दीन अंसारी के घर तक पीसीसी पथ का निर्माण कराया गया था। आरोप है कि उसी सड़क को मात्र चार महीने बाद मुखिया गीता देवी द्वारा 15वें वित्त की राशि से 4 लाख 35 हजार रुपये की लागत से पुनः निर्माण की स्वीकृति दी गई और इस मद से अपने रिश्तेदार अभिजीत राज गुप्ता के खाते में दो किस्तों में 2 लाख 60 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए।
इसके अलावा हाटदोहर गांव में जलमीनार मरम्मत के नाम पर 15 अक्टूबर 2024 से 22 दिसंबर 2024 के बीच जेके इंटरप्राइजेज के नाम पर कथित रूप से 1 लाख 44 हजार रुपये की फर्जी निकासी, भौंरी गांव में बहेरानाला चेकडैम जीर्णोद्धार के नाम पर बिना कार्य कराए 74 हजार 700 रुपये ट्रांसफर, तथा हाटदोहर गांव निवासी संतरा देवी के गाय शेड निर्माण योजना में बिना शेड बनाए 1 लाख 25 हजार 763 रुपये की निकासी का भी आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि इसके अलावा भी कई विकास कार्यों के नाम पर सरकारी राशि का फर्जी तरीके से दुरुपयोग किया गया है और सभी मामलों की जांच कर संबंधित लोगों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है। आवेदन पर गणेश यादव, राजेश कुमार यादव, अश्विन कुमार यादव, रवि कुमार यादव, उपेन्द्र कुमार, लक्ष्मी चौबे, गणेश कुमार, जितेन्द्र कुमार कश्यप, अरविंद यादव, मनोज कुमार, श्रवण कुमार, सतेन्द्र चौधरी और सुरेन्द्र प्रजापति सहित कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।
इस संबंध में चुटिया पंचायत की मुखिया गीता देवी ने आरोपों को बेबुनियाद और निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि 15वें वित्त की राशि का उपयोग पूरी तरह नियमों के अनुसार किया गया है और किसी भी प्रकार का दुरुपयोग नहीं हुआ है।











