Location: पलामू
मेदिनीनगर, — लातेहार जिले के बरवाडीह थाना क्षेत्र स्थित हुक्का माड़ गांव में एक 20 दिन के नवजात बच्चे को कथित तौर पर जहरीला सिरप पिलाकर मारने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नवजात की हालत बिगड़ने पर उसे मेदिनीनगर स्थित मेदनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एनआईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां समय रहते मिले उपचार से बच्चा सुरक्षित बताया जा रहा है।
बच्चे की मां रूबी देवी ने आरोप लगाया है कि उसके पति पिकलेश सिंह का किसी अन्य महिला के साथ संबंध को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में उसके पति ने कथित तौर पर बच्चे को दिए जाने वाले सिरप में जहर मिलाकर नवजात की जान लेने का प्रयास किया। रूबी देवी के मुताबिक सिरप में गड़बड़ी का संदेह होने पर वह तुरंत बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचीं।
अस्पताल के चिकित्सकों ने बच्चे का तत्काल इलाज शुरू किया, जिसके बाद उसकी हालत स्थिर हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल पुलिस चौकी की टीम ने पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने संदिग्ध सिरप की बोतल को जब्त कर लिया है और बरवाडीह थाना को मामले की सूचना दे दी गई है।
पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए जांच शुरू कर दी है। हालांकि, पिकलेश सिंह की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है।
रूबी देवी ने आरोप लगाया कि उसे और उसके बच्चे को जान का खतरा है तथा वह लातेहार जिला प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की मांग कर रही है।











