Location: पलामू
मेदिनीनगर (पलामू):
राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सोमवार को शहीद संतन मेहता और सुनील राम के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। शोकाकुल परिवारों से मिलते हुए मंत्री भावुक हो उठे और कहा कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी रहेगी।
इस अवसर पर मंत्री ने दोनों शहीदों के परिजनों के लिए ₹2.10 करोड़ के मुआवजे की घोषणा की। साथ ही, शहीद परिवारों को आवास, एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा शहीदों के गांव तक पक्की सड़क निर्माण की भी घोषणा की गई।
मुलाकात के दौरान शहीदों की पत्नी, माता और बच्चे बेहद भावुक हो उठे। मंत्री ने उन्हें सांत्वना देते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार उनके भविष्य की पूरी जिम्मेदारी उठाएगी। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान समाज व देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है, और सरकार उनकी स्मृति को सदा सम्मान के साथ याद रखेगी।











