Location: Garhwa
गढ़वा। चिनिया प्रखंड अंतर्गत बिलैतीखैर पंचायत के मुखिया एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने रविवार को विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधियों ने चिनिया स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर व स्वास्थ्यकर्मियों की बहाली के साथ बेहतर चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए पंचायत प्रतिनिधियों को फंड उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।
मांग पत्र में 24 घंटे एमबीबीएस डॉक्टर की तैनाती, तीन जीएनएम व तीन एएनएम की नियुक्ति, गर्भवती महिलाओं के लिए महिला डॉक्टर व नर्स, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे मशीन समेत अन्य उपकरण उपलब्ध कराने तथा अस्पताल की सुरक्षा के लिए दो गार्ड की तैनाती की मांग शामिल है।
जनप्रतिनिधियों ने विधायक से कहा कि वह विधानसभा में इस मुद्दे को उठाकर वित्त आयोग के माध्यम से पंचायतों को फंड उपलब्ध कराएं।
विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि स्वास्थ्य व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए सरकार के स्तर पर हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा सत्र में पंचायत प्रतिनिधियों को विकास के लिए फंड मुहैया कराने के मुद्दे पर मुखर तरीके से आवाज उठाई जाएगी।











