Location: Meral
मेराल (गढ़वा): मेराल प्रखंड में बिजली आपूर्ति लगातार बाधित हो रही है और इसका मुख्य कारण बांस के पौधे बताए जा रहे हैं, जो बिजली तारों के नीचे लगाए गए हैं। मामूली हवा या बारिश होने पर बांस के पौधे बिजली के तारों से टकराने लगते हैं, जिससे तार टूट कर गिर जाते हैं या फॉल्ट की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इस कारण कई गांवों में 12 से 24 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है।
सबसे अधिक परेशानी रेजो गांव के दुनुखाड़ टोला, लखेया गांव के पूरब ठाकुर टोला, मेराल तथा गोंदा के सरस्वतीया नदी किनारे के इलाकों में देखी जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोगों ने जानबूझकर 11,000 वोल्ट और 440 वोल्ट के बिजली तारों के ठीक नीचे बांस के पौधे लगा दिए हैं, जिससे बार-बार शॉर्ट सर्किट और तार टूटने की घटनाएं हो रही हैं।
ग्रामीण राजबली चौधरी, मुनर साव, अमरेंद्र मिश्र सहित कई लोगों ने ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, जो बांस पौधा लगाकर बिजली व्यवस्था में बाधा डाल रहे हैं।
बिजली विभाग ने दी दो दिन की मोहलत
इस संबंध में पूछे जाने पर बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता कमल जी ने बताया कि, “बिजली तार के नीचे जानबूझकर बांस लगाने से विभाग को लगातार नुकसान हो रहा है। सभी संबंधित व्यक्तियों को दो दिन के अंदर बिजली मिस्त्री की उपस्थिति में अपने-अपने बांस के पौधे हटाने का निर्देश दिया गया है। ऐसा नहीं करने पर उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।”
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि बुधवार को करकोमा फीडर से लेकर पेशका तक मेंटेनेंस कार्य होने के कारण सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।











