Location: Ramana
रमना-रमना थाना क्षेत्र के रोहिला ग्राम निवासी विकास पाठक ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अनूठी पहल की है। उन्होंने अपने पिता स्वर्गीय विभूति नारायण पाठक की पुण्यतिथि और पुत्र के जन्मदिन के अवसर पर 251 चंदन के पौधे लगाए।
विकास पाठक अब तक शीशम, महोगनी, चंदन और गम्हार सहित 10,000 से अधिक पौधे लगा चुके हैं। बीसीए की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने पारंपरिक खेती से हटकर पौधों की खेती शुरू की। उनका मानना है कि पौधारोपण से न केवल पर्यावरण की रक्षा संभव है, बल्कि यह आर्थिक रूप से भी लाभकारी हो सकता है।
कोरोना काल के दौरान उन्होंने पौधारोपण की शुरुआत की थी, जो अब एक नियमित अभियान बन चुका है। वे पौधे लगाकर ही नहीं रुकते, बल्कि उनकी देखभाल और संरक्षण पर भी ध्यान देते हैं।
स्थानीय स्तर पर उनकी इस पहल की सराहना हो रही है और कई युवा उनसे प्रेरित होकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में आगे आ रहे हैं











