Location: Garhwa
गढ़वा : झारखंड में 108 एम्बुलेंस कर्मियों की हड़ताल को लेकर भारतीय जनता पार्टी के जिला मिडिया प्रभारी रितेश चौबे ने झामुमो सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और हेमंत सरकार जनता की तकलीफों के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील बनी हुई है।
रितेश चौबे ने कहा, “108 एम्बुलेंस सेवा बंद होने के कारण पूरे झारखंड, खासकर गढ़वा जिले में मरीजों की जान खतरे में पड़ गई है। कई जगहों पर समय पर एम्बुलेंस न मिलने से गंभीर मरीज इलाज से वंचित रह गए हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड के मंत्री और अफसर अपने और अपने परिवार के इलाज के लिए बाहर के राज्यों का रुख करते हैं, लेकिन आम जनता को लाचार हाल में छोड़ दिया गया है।
उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पर भी तीखा प्रहार करते हुए कहा कि “मंत्री महोदय सिर्फ बयानबाजी में व्यस्त हैं, लेकिन स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर वे मौन साधे हुए हैं। जब जनता त्राहिमाम कर रही है, तब मंत्री कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे।
रितेश चौबे ने सरकार से यह सवाल किया कि जब एम्बुलेंस कर्मचारी हड़ताल पर चले गए, तो अब तक कोई वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की गई? उन्होंने मांग की कि सरकार हड़ताली कर्मचारियों से संवाद करे और समाधान निकाले। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि स्वास्थ्य मंत्री हालात सुधारने में अक्षम हैं, तो उन्हें तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए











