Location: Garhwa
गढ़वा। जिले में 108 एम्बुलेंस सेवा के संचालन में अनियमितता की शिकायतों के बाद उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिनेश कुमार यादव ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को वस्तुस्थिति का निरीक्षण कर 15 अगस्त तक विस्तृत प्रतिवेदन सौंपने का निर्देश दिया है।
उक्त निर्देश झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी द्वारा उपायुक्त को सौंपे गए आवेदन के आलोक में जारी किए गए हैं। आवेदन में कहा गया है कि गढ़वा जिले में 108 एम्बुलेंस सेवा का संचालन सम्मान फाउंडेशन, पटना के द्वारा सुचारु रूप से नहीं किया जा रहा है। विशेष रूप से जिला प्रबंधक मोहम्मद शमशाद आलम के कथित अनुचित कृत्यों के कारण यह सेवा बाधित हो रही है, जिससे आम जनता को आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस विषय की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त श्री यादव ने गढ़वा, नगर उंटारी और रंका के एसडीओ को निर्देश दिया है कि वे मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जॉन एफ. कैनेडी के साथ समन्वय कर यह जांच करें कि कितनी एम्बुलेंसें वर्तमान में संचालित हैं, कितनी खराब हैं, और क्या कारण है कि वे सेवा में नहीं हैं। उन्होंने खराब पड़ी एम्बुलेंसों को अविलंब ठीक कर पुनः सेवा में बहाल करने की जिम्मेदारी भी तय की है।
प्रत्येक अनुमंडल पदाधिकारी को 15 अगस्त 2025 तक सुस्पष्ट मंतव्य सहित रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय में प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया है।
उपायुक्त श्री यादव ने आम लोगों से अपील की है कि एम्बुलेंस सेवा से जुड़ी किसी भी प्रकार की शिकायत या समस्या होने पर वे सीधे अपने अनुमंडल पदाधिकारी से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन नागरिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है और आपातकालीन सेवाओं की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं।












