Location: Manjhiaon
मझिआंव। प्रतिनिधि। न्यायालय के निर्देश पर मझिआंव पुलिस ने गुरुवार को थाना क्षेत्र के चंदना गांव निवासी व हत्या की आरोपी मेहरून बीबी के घर पर ढोल बजाकर इश्तेहार चिपकाया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस इंस्पेक्टर सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि मझिआंव थाना में दर्ज केस कांड संख्या 80/2021 के तहत गर्मी के मौसम में चंदना गांव निवासी तारीक अनवर की पत्नी अप्सा खातून का शव उनके घर के पीछे स्थित एक कुएं से बरामद किया गया था।
मृतका के पिता हसनैन खान, जो सोनपुरवा ग्राम पंचायत के डंड़वार टोला के निवासी हैं, ने मझिआंव थाना में लिखित आवेदन देकर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाते हुए अप्सा खातून के पति तारीक अनवर, ससुर सबील खान एवं सास मेहरून बीबी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करवाई थी।
मामले में आरोपी सबील खान एवं तारीक अनवर को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, जबकि आरोपी महिला मेहरून बीबी घटना के बाद से ही फरार है।
पुलिस द्वारा बार-बार बुलावे के बावजूद न्यायालय में हाजिर न होने के कारण, न्यायालय के आदेशानुसार अब मेहरून बीबी के विरुद्ध कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। गुरुवार को एसआई संजय कुमार मुंडा के नेतृत्व में पुलिस बल ने उनके घर पर इश्तेहार चिपकाया।











