Location: Garhwa
गढ़वा। आज़ादी का अमृत महापर्व 79वां स्वतंत्रता दिवस शुक्रवार को गढ़वा जिले के अनुमंडल मुख्यालय, प्रखंडों और ग्रामीण इलाकों में बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सरकारी व गैर-सरकारी संस्थानों, कार्यालयों, विद्यालयों और सामाजिक संगठनों के प्रांगणों में राष्ट्रीय ध्वज पूरे सम्मान और गरिमा के साथ फहराया गया। झंडोतोलन के बाद राष्ट्रगान और देशभक्ति नारों से वातावरण गूंज उठा। जगह-जगह आयोजित समारोहों में अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया गया और देश की अखंडता व एकता बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
श्री बंशीधर नगर अनुमंडल मुख्यालय
अनुमंडल मुख्यालय के मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर मिर्धा ने झंडोतोलन किया। इस दौरान पुलिस बल के जवानों ने सलामी दी और देशभक्ति के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न कार्यालयों एवं संस्थानों में भी ध्वजारोहण हुआ। एसडीओ आवास, डीएसपी कार्यालय व आवास, इंस्पेक्टर कार्यालय, प्रखंड कार्यालय, अनुमंडलीय अस्पताल, थाना, महिला थाना, नगर पंचायत कार्यालय, दिव्यांग संघ, बैंक, विद्यालय और कॉलेज परिसरों में भी तिरंगा शान से लहराया गया।
चैंबर ऑफ कॉमर्स कार्यालय
शहर के मुख्य बाजार स्थित गुलाब मेमोरियल परिसर में चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, श्री बंशीधर नगर इकाई के कार्यालय पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित हुआ। संरक्षक रामप्रसाद कमलापुरी ने झंडा फहराया और उपस्थित व्यवसायियों ने शहीदों को याद कर “भारत माता की जय” और “वीर शहीद अमर रहें” के नारों से वातावरण गुंजायमान किया। कार्यक्रम के अंत में मिठाई बांटी गई।
पूर्व मंत्री रामचंद्र केसरी का आवासीय कार्यालय परिसर
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह पूर्व मंत्री रामचंद्र केसरी ने अपने चचेरिया स्थित आवासीय कार्यालय में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस उत्सव का दिन होने के साथ-साथ उन वीर शहीदों को स्मरण करने का दिन भी है, जिन्होंने अपनी शहादत से हमें आजादी दिलाई। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र की अखंडता और विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
मेराल प्रखंड मुख्यालय व अन्य संस्थान
मेराल प्रखंड मुख्यालय पर प्रमुख दीपमाला कुमारी ने ध्वजारोहण किया। मौके पर सीओ सह प्रभारी बीडीओ यशवंत नायक भी मौजूद रहे। थाना परिसर में थाना प्रभारी विष्णु कांत, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. वीरेंद्र कुमार, पशुपालन विभाग में डॉ. कृष्ण कुमार सिंह और कई विद्यालयों व पंचायत भवनों में जनप्रतिनिधियों, निदेशकों व मुखियाओं द्वारा ध्वजारोहण किया गया। विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुए।
अन्य संस्थान व विद्यालय
जिले भर में नगर पंचायत कार्यालयों, बैंकों, निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों और सामाजिक संगठनों के परिसरों में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न हुआ। कई जगहों पर बच्चों के बीच मिठाइयाँ बांटी गईं और देशभक्ति गीतों, भाषणों व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को खास बना दिय











