Location: Manjhiaon
मझिआंव
मझिआंव–बरडीहा मुख्य सड़क पर सोलह बिगहवां स्थित गायत्री शक्तिपीठ के सामने गुरुवार की शाम एक गंभीर सड़क हादसा हो गया, जिसमें दुबे तहले रेवारी टोला निवासी हिरामण रजवार के 21 वर्षीय पुत्र संतोष रजवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब संतोष अपनी मोटरसाइकिल से लगभग शाम 5 बजे मझिआंव से अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक कमांडर जीप, जिसमें मिक्सचर मशीन जुड़ा हुआ था, साइड लेते समय उनकी मोटरसाइकिल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि संतोष सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और तत्काल उन्हें रेफरल अस्पताल मझिआंव लाया गया।
चिकित्सा कर रहे डा. वीर प्रताप सिंह ने बताया कि घायल के बाएं हाथ और बाएं पैर में फ्रैक्चर की आशंका है। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल, गढ़वा रेफर कर दिया गया।
घायल संतोष ने बताया कि दुर्घटना अचानक सामने आ गए मिक्सचर मशीन लगे वाहन के कारण हुई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मिक्सचर मशीन युक्त कमांडर जीप व मोटरसाइकिल को जब्त कर थाना ले गई। पुलिस ने रेफरल अस्पताल पहुंचकर घायल का फर्द बयान दर्ज किया और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।











