Location: सगमा
सगमा (गढ़वा), 15 सितंबर:
सगमा प्रखंड के सोनडीहा गांव में सोमवार को वज्रपात की चपेट में आने से पांच बकरियों की मौत हो गई, जबकि एक चरवाहा घायल हो गया। घटना दोपहर के समय उस वक्त हुई जब गांव के मुकेश यादव हरही पहाड़ जोगिया स्थल के पास बकरियों को चरा रहे थे।
अचानक मौसम में बदलाव के बाद तेज बारिश के साथ वज्रपात हुआ, जिसमें पांच बकरियां मौके पर ही मर गईं। चरवाहा मुकेश यादव को हल्की चोट आई। ग्रामीणों की मदद से उन्हें इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई।
घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।











