
Location: Manjhiaon
:
मझिआंव प्रतिनिधि। प्रखंड क्षेत्र के मुंद्रिका सिंह उच्च विद्यालय, करुई के सेवानिवृत्त शिक्षक उपेंद्र कुमार राम का निधन शुक्रवार शाम को उनके पैतृक गांव बोकेयां (प्रखंड मेराल) में हो गया। वे लगभग 64 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से गांव और विद्यालय परिसर में शोक की लहर दौड़ गई।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक सिद्धेश्वर प्रसाद सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि दिवंगत उपेंद्र कुमार राम हिन्दी विषय के गहन जानकार और समर्पित शिक्षक थे। उन्होंने 31 जनवरी 1988 को मुंद्रिका सिंह उच्च विद्यालय में योगदान दिया था और 31 जनवरी 2022 को सेवा निवृत्त हुए थे। सेवा निवृत्त होने के बावजूद भी उन्हें विद्यालय से इतना लगाव था कि वे समय-समय पर छात्रों को पढ़ाने आते रहते थे।
शनिवार की सुबह विद्यालय परिसर में शोक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया तथा ईश्वर से परिजनों को इस दुःख की घड़ी में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक सिद्धेश्वर प्रसाद सिंह के साथ-साथ शिक्षकगण धनंजय कुमार सिंह, पंचम कुमार सिंह, श्याम सुंदर राम, विनोद कुमार, आशीष कुमार सिंह, पूजा कुमारी, रोशन लकड़ा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
शोक सभा के पश्चात प्रधानाध्यापक सहित विद्यालय प्रतिनिधि बोकेयां गांव पहुंचे और मृतक शिक्षक के परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढ़स बंधाया। साथ ही अंतिम यात्रा में भी वे सम्मिलित हुए।