
Location: सगमा
सगमा: प्रखंड के प्रमुख समाजसेवी एवं जिला परिषद के पूर्व प्रत्याशी योगेंद्र प्रसाद यादव की चाची सुनैना देवी का असामयिक निधन हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुतुर गांव निवासी स्व. धनवंत यादव की पत्नी 65 वर्षीय सुनैना देवी बीते कई महीनों से अल्सर की बीमारी से पीड़ित थीं। स्थिति बिगड़ने पर उन्हें रांची स्थित पारस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां गुरुवार को इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
सुनैना देवी गांव में मृदुभाषी, मिलनसार और कुशल गृहिणी के रूप में जानी जाती थीं। ग्रामीणों के अनुसार वे सदैव दूसरों की मदद के लिए तत्पर रहती थीं। उनके निधन की खबर मिलते ही गांव में शोक का माहौल व्याप्त हो गया है।
समाजसेवी योगेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार गांव के श्मशान घाट पर किया जाएगा। पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।