Location: Manjhiaon
मेराल। थाना क्षेत्र के बिख्ताम पंचायत के बसरिया गांव निवासी नागेंद्र पासवान की पत्नी संगीता देवी ने रोहित ऑन लाइन सेंटर के संचालक रोहित कुमार कुशवाहा पर फर्जी तरीके से खाते से राशि निकालने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में संगीता देवी ने सोमवार को मेराल थाना पहुंचकर एक लिखित आवेदन दिया है और सीएसपी संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
संगीता देवी ने बताया कि उनकी सास की तबीयत खराब थी, जिसके चलते वह अपने बैंक खाते से दो हजार रुपये निकालने के लिए बिख्ताम पंचायत भवन स्थित रोहित ऑन लाइन सेंटर (सीएसपी) पर गई थीं। उन्होंने संचालक रोहित कुमार से दो हजार रुपये की निकासी करने को कहा, लेकिन बाद में बैंक जाकर जब उन्होंने अपने खाते की जानकारी ली तो पता चला कि उनके खाते से तीन हजार रुपये की निकासी की गई है।
संगीता देवी ने कहा कि जब उन्होंने इस बारे में सीएसपी संचालक से पूछताछ की तो उसने अधिक राशि निकालने से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने थाना पहुंचकर इसकी शिकायत की।
ग्रामीणों के अनुसार, सीएसपी संचालक रोहित कुमार के खिलाफ इससे पहले भी फर्जी निकासी के आरोप लग चुके हैं। बताया जाता है कि वह ई-केवाईसी अपडेट कराने पहुंचे लोगों के खातों से भी बिना जानकारी के राशि निकाल चुका है। फिलहाल वह पंचायत भवन के अलावा अपने निजी दुकान से भी सीएसपी का संचालन करता है।
पीड़िता संगीता देवी ने थाना में सीएसपी संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।











