Location: Meral
मेराल।
झारखंड प्रदेश डिजिटल पंचायत सचिवालय के आह्वान पर प्रखंड क्षेत्र के प्रज्ञा केंद्र (सीएसपी) संचालकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की घोषणा की है। हड़ताल के दौरान सभी सीएसपी संचालक रांची स्थित प्रधान कार्यालय का घेराव भी करेंगे।
इस संबंध में प्रखंड के सभी सीएसपी संचालकों ने गुरुवार को प्रभारी बीडीओ यशवंत नायक को लिखित आवेदन सौंपकर हड़ताल पर जाने की सूचना दी। संघ के अध्यक्ष रविकांत साह ने बताया कि लंबे समय से सीएसपी संचालकों की मांगें लंबित हैं, जिसको लेकर मजबूरन सभी संचालक एकजुट होकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि हड़ताल की सूचना गढ़वा के उपायुक्त एवं जिला पंचायती राज विभाग को भी लिखित रूप में दे दी गई है। मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
आवेदन देने वालों में शशिकांत विश्वकर्मा, वीरेंद्र चौधरी, सुरेश प्रसाद गुप्ता, अजय यादव, पप्पू कुमार यादव सहित अन्य सीएसपी संचालक शामिल थे। हड़ताल के कारण प्रखंड क्षेत्र में प्रज्ञा केंद्रों से जुड़ी कई डिजिटल सेवाएं प्रभावित रहने की संभावना है।











