Location: केतार
केतार (गढ़वा): सरस्वती शिशु विद्या मंदिर केतार की छात्राओं ने पलामू और झारखंड स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम रौशन किया है। गैर-सरकारी शैक्षिक संस्था होने के बावजूद यह विद्यालय न केवल शिक्षा, बल्कि छात्रों के सर्वांगीण विकास में लगातार योगदान दे रहा है।
पलामू विभाग स्तरीय विज्ञान प्रसार मंच द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में कक्षा पंचम की अंशु कुमारी, प्रियांशु कुमारी और शीतल कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, रिंकी कुमारी, शीतल कुमारी और रेनु कुमारी ने तृतीय स्थान हासिल कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
प्रथम स्थान पाने वाली छात्रा को झारखंड क्षेत्र के धनबाद जिले के बाघमारा में आयोजित प्रांतीय विज्ञान मेला में भाग लेने का अवसर मिला। यहां भी विद्यालय की तीनों छात्राओं ने तृतीय स्थान हासिल कर जिले का परचम लहराया।
छात्राओं के इस सफलता पर विद्यालय परिवार ने केतार गेट से विद्यालय तक घोष दल और बैंड बाजे के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से प्रधानाध्यापक मनोज कुमार गुप्ता, आचार्य सुदीप कुमार पाल, रमेश पाल, सविता गुप्ता, मीना कुमारी, दीनानाथ चौधरी, उदित कुमार, श्वेता कुमारी और चंदा कुमारी उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में गोपाल विश्वकर्मा, कमलेश सिंह, आनंद कुमार, योगेंद्र विश्वकर्मा, विजय गुप्ता, महेंद्र विश्वकर्मा, कामेश्वर सिंह सहित सैकड़ों अभिभावक भी मौजूद रहे।











