Location: Garhwa

गढ़वा। सरस्वती विद्या मंदिर चेतना, गढ़वा में सिखों के दसवें गुरु गुरु गोविंद सिंह जी की जयंती हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि डॉ. टी. पीयूष, विकास चौबे एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार पांडेय द्वारा गुरु गोविंद सिंह जी की तस्वीर पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए डॉ. टी. पीयूष ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी का जीवन साहस, धर्म और न्याय की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि उनके आदर्श आज भी समाज को सही मार्ग दिखाते हैं और युवाओं को उनसे सीख लेकर जीवन में आगे बढ़ना चाहिए।
वक्ताओं ने गुरु गोविंद सिंह जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने बचपन से ही अन्याय के विरुद्ध संघर्ष किया और धर्म की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनके चारों पुत्र—अजित सिंह, जुझार सिंह, जोरावर सिंह और फतेह सिंह—ने भी धर्म की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया, जो भारतीय इतिहास में अद्वितीय उदाहरण है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने गुरु गोविंद सिंह जी के आदर्शों को अपनाने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विकास दीप चौबे, निर्मल कुमार रजक, माधुरी कुमारी, प्रतिमा देवी, आयुषी कुमारी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।











