
Location: Manjhiaon
मझिआंव थाना क्षेत्र के सोनपुरवा गांव निवासी नरेश प्रजापति के लगभग 23 वर्षीय पुत्र अशोक प्रजापति की मौत इलाज के दौरान रांची रिम्स में शुक्रवार को हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार बीते रविवार, 25 मई को अशोक अपने चचेरे भाई अनिल के साथ मझिआंव बाजार से पत्नी के वट सावित्री पूजा के लिए सामान खरीदकर वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान थाना से कुछ ही दूरी पर मझिआंव–विशुनपुरा मुख्य सड़क पर विपरीत दिशा से आ रही बाइक (संख्या JH 14 J 9820) से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद अशोक सड़क पर गिर गया और उसी समय मझिआंव की ओर जा रही एक ट्रैक्टर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल मझिआंव रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया। वहां से भी हालत में सुधार नहीं होने पर उसे रांची रिम्स भेजा गया, जहां शुक्रवार 30 मई की दोपहर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद शव को गांव सोनपुरवा लाया जा रहा है, जो देर रात करीब 8 से 9 बजे तक पहुंचने की उम्मीद है।
अशोक की मौत की खबर मिलते ही गांव और परिजनों में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि अशोक की शादी पिछले साल ही हुई थी, जबकि उसकी बहन की शादी इसी साल 30 अप्रैल को सम्पन्न हुई थी। संयोगवश, अशोक की मौत भी ठीक एक महीने बाद 30 मई को हुई।
परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही काफी कमजोर है। अशोक के दिव्यांग पिता ने किसी तरह कर्ज लेकर बेटी की शादी की थी। अब बेटे की असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।