Location: कांडी
कांडी। कांडी थाना क्षेत्र के कांडी-मझिआंव मुख्य सड़क पर चोरांटी पहाड़ के समीप शनिवार देर शाम 17 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव सड़क पर न मिलकर सड़क से करीब 100 गज दूर झाड़ी से बरामद हुआ। इससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया है।
मृतक की पहचान घटहुआं कला पंचायत के रतनगढ़ गांव निवासी जयनाथ यादव उर्फ सिपाही यादव के 17 वर्षीय पुत्र आकाश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल के समीप से बिना नंबर का चावल लदा ट्रैक्टर बरामद किया है। ट्रैक्टर चालक बलि यादव, पिता राजेंद्र यादव, निवासी रतनगढ़ को पूछताछ के लिए थाना लाया गया है।
सड़क हादसा हुआ तो झाड़ी तक कैसे पहुंचा शव?
घटना को लेकर सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि आकाश की मौत ट्रैक्टर की चपेट में आने से हुई, तो उसका शव सड़क से करीब 100 गज दूर झाड़ी तक कैसे पहुंचा। पुलिस द्वारा शव को सड़क से हटकर झाड़ी से बरामद किए जाने के कारण मामले की परिस्थितियां संदिग्ध बनी हुई हैं। यह भी जांच का विषय है कि युवक की मौत वास्तव में सड़क पर हुई या शव को कहीं और से लाकर झाड़ी में रखा गया।
बताया जा रहा है कि मृतक के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे और उसका शरीर खून से लथपथ था। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस दुर्घटना समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
एक वर्ष से ट्रैक्टर पर मजदूरी करता था आकाश
मृतक की मां इंद्रावती देवी ने हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा करीब एक वर्ष से एफसीआई गोदाम से राशन ले जाने वाले ट्रैक्टर पर मजदूरी करता था। घटना के बाद पुलिस द्वारा जब्त किया गया चावल लदा ट्रैक्टर खुटहेरिया गांव के किसी डीलर का बताया जा रहा है।
ट्रैक्टर पर लदे चावल को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। एफसीआई गोदाम प्रभारी शाहिद अंसारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला। इस कारण यह स्पष्ट नहीं हो सका कि खाद्यान्न किस डीलर के लिए ले जाया जा रहा था और ट्रैक्टर पर चावल की कितनी बोरियां लदी थीं।
परिवार में मचा कोहराम
आकाश दो भाइयों और तीन बहनों में से एक था। उसका परिवार बेहद गरीब है और कच्चे मकान में रहता है। बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद मां इंद्रावती देवी, बहन सुनीता कुमारी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार, बहन बार-बार बेसुध हो जा रही थी।
समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिजनों की ओर से थाना में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया था।
आवेदन मिलने पर कार्रवाई करेगी पुलिस
कांडी थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद पुलिस आवश्यक कार्रवाई करेगी।











