Location: Manjhiaon
मझिआंव नगर पंचायत क्षेत्र में शुक्रवार की शाम हुए सड़क हादसे में मृत 22 वर्षीय हंसराज (अंसराज) सोनी को शनिवार सुबह मझिआंव कोयल नदी तट पर अश्रुपूर्ण अंतिम विदाई दी गई। जैसे ही सुबह 8 बजे शव मझिआंव पहुंचा, परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। मृतक के पिता दिनेश सोनी, मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 7 निवासी दिनेश सोनी के पुत्र हंसराज सोनी अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल से मेराल की ओर से लौट रहा था। इसी दौरान मेराल थाना क्षेत्र के गोंदा स्थित लाइन होटल के पास एक तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में हंसराज की मौके पर ही मौत हो गई।
मोटरसाइकिल पर सवार गढ़वा निवासी सुशांत प्रसाद (30) एवं अनुराग ठाकुर (18) घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने दोनों घायलों को मेराल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेजा गया। हंसराज के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। यह घटना शुक्रवार शाम लगभग 5 बजे की है।
हंसराज एक हंसमुख, मिलनसार और कुशल क्रिकेट खिलाड़ी थे। वे धार्मिक कार्यक्रमों–दशहरा, नवमी, नववर्ष आदि में सक्रिय रूप से भाग लेते थे। विकट हादसे की खबर से मझिआंव में शोक की लहर दौड़ गई है। हंसराज शिवेसर चंद्रवंशी डिग्री कॉलेज में बीए के छात्र थे।
शनिवार को स्थानीय श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी।
मौके पर निवर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा देवी, युवा समाजसेवी मारुति नंदन सोनी सहित कई लोगों ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।
अंतिम संस्कार में लव कुमार सोनी, पवन कुमार, अमित कुमार, सोनू जायसवाल, पंकज कुमार, रोहित कुमार, बंटी मालाकार, नीरज कमलापुरी, पप्पू जायसवाल, प्रमोद जायसवाल, टीकू कमलापुरी, सतनारायण सोनी, मुन्ना सोनी, राजेंद्र सोनी, मिथलेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।











