Location: सगमा
सगमा (गढ़वा): सावन माह के प्रारंभ होते ही प्रखंड क्षेत्र से बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर जाने वाले कांवरियों की रवानगी शुरू हो गई है। शनिवार को सगमा पंचायत के मुखिया तेज लाल राम, उप मुखिया मंगलेश यादव व उप प्रमुख अर्जुन पासवान के नेतृत्व में पहला कावरिया दल देवघर के लिए रवाना हुआ।
इस अवसर पर भगवा वस्त्र धारण किए दर्जनों शिवभक्तों ने गांव के देवस्थलों पर पूजा-अर्चना कर बाबा बैद्यनाथ के दर्शन की कामना की और सुरक्षित यात्रा की प्रार्थना की। ‘हर हर महादेव’ व ‘बोल बम’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
कांवरियों के स्वागत के लिए गांव के दर्जनों ग्रामीण घर-परिवार के साथ उपस्थित थे। रवाना होने वाले दल में प्रमुख रूप से मुकेश बम, प्रमोद बम, हरिहर बम, कमलेश बम, राजा राम बम, रविरंजन बम, बिंदेस बम, धनंजय बम, अभिमोचन बम और फूलेंद्र बम शामिल रहे।











