Location: सगमा

सगमा (गढ़वा): सगमा प्रखण्ड के बीरबल गांव में सोमवार को भारत सरकार द्वारा संचालित एफपीओ के अंतर्गत सखी फार्मर प्राइवेट लिमिटेड, बीरबल केंद्र में धान अधिप्राप्ति (क्रय) केंद्र का भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन पूर्व जिला परिषद सदस्य नंदगोपाल यादव, प्रखण्ड प्रमुख अजय शाह, बीरबल मुखिया इंद्रजीत कुशवाहा, प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी ओम प्रकाश सिंह, सोनडीहा मुखिया पति हनुमंत यादव एवं जनार्दन प्रसाद यादव द्वारा दीप प्रज्वलन एवं पूजा-पाठ के साथ किया गया।
इस अवसर पर प्रखण्ड प्रमुख अजय शाह ने कहा कि सरकार द्वारा धान क्रय केंद्र खोलने में थोड़ी देरी जरूर हुई, लेकिन “देर आए दुरुस्त आए” की कहावत यहां चरितार्थ होती है। उन्होंने सगमा प्रखण्ड के किसानों की ओर से सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
पूर्व जिला परिषद सदस्य नंदगोपाल यादव ने कहा कि धान क्रय केंद्र खुलने से किसानों को उनके धान का उचित मूल्य मिलेगा। वहीं मुखिया इंद्रजीत कुशवाहा ने सगमा प्रखण्ड के सभी किसानों से अपील की कि वे इस केंद्र के माध्यम से अपना धान बेचकर अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य 23 रुपये 69 पैसे प्रति किलो है, जबकि अधिप्राप्ति मूल्य 24 रुपये 50 पैसे प्रति किलो रखा गया है। साथ ही सरकार की घोषणा के अनुसार धान बेचने के तीन दिनों के भीतर किसानों के खाते में भुगतान कर दिया जाएगा।
इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी ओम प्रकाश सिंह, धान अधिप्राप्ति केंद्र के निदेशक विकास कुमार श्रीवास्तव एवं केंद्र संचालक विपुल कुमार श्रीवास्तव उपस्थित थे।
क्रय केंद्र खुलने के पहले दिन धान बेचने वाले किसानों में सिवपुजन यादव, देव नारायण गुप्ता, मालदीव यादव, रामनाथ यादव, हरगोविंद शाह, नागवंत यादव, बलवंत यादव, राजकिशोर यादव, मनमोहन यादव एवं प्रेमचंद यादव शामिल रहे।











