Location: सगमा
सगमा। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सगमा ग्राम में लगभग 3.80 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़क का शिलान्यास सोमवार को किया गया। यह सड़क मुख्य पथ सगमा से विक्रमा पासवान के घर होते हुए विगवा खाड़ तक बनेगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम की शुरुआत गांव के वरिष्ठ नागरिक मोती राम ने पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर की। मौके पर झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य ताहीर अंसारी, भोजपुर गढ़ प्रमुख, झामुमो युवा नेता दीपक प्रताप देव, झामुमो जिला उपाध्यक्ष मुक्तेश्वर पांडेय और प्रखंड अध्यक्ष हरिदास यादव समेत कई नेता मौजूद रहे।
ताहीर अंसारी ने बताया कि विधायक अनंत प्रताप देव अस्वस्थता के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने संदेश भेजा है कि वे जनता के सुख-दुख में हमेशा साथ हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किए गए वादे अब धरातल पर उतर रहे हैं। साथ ही पूर्व विधायक पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “अब कुछ लोग सड़क निर्माण का श्रेय लेने के लिए लेटर पेड जारी करेंगे, जबकि वे आज जमीनी राजनीति से दूर होकर फेसबुक की राजनीति कर रहे हैं।”
झामुमो युवा नेता दीपक प्रताप देव ने कहा कि विधायक अनंत प्रताप देव की अनुपस्थिति खल रही है, लेकिन यह विकास कार्य उनके संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे। उन्होंने पूर्व विधायक पर निशाना साधते हुए कहा, “आप लोगों ने पांच साल के लिए वोट दिया है, जबकि अभी सिर्फ नौ महीने हुए हैं और पूर्व विधायक का पेट दर्द होने लगा है।”
झामुमो जिला उपाध्यक्ष मुक्तेश्वर पांडेय ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग थी, जो अब पूरी हो रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी क्षेत्र की हर समस्या का समाधान किया जाएगा।
इस अवसर पर झामुमो सचिव गोरख विश्वकर्मा, धुरकी प्रखंड अध्यक्ष इसराइल खान, योगेंद्र यादव, राहत हुसैन, जिराखन यादव, विजय यादव, राजेश यादव, रमना विधायक प्रतिनिधि रोहित वर्मा, प्रदीप सिंह, बसंत पाल, गणेशी बैठा, जयगोपाल यादव, चंद्रकांत यादव, संध्या देवी, चिंता देवी, राजेश्वर यादव, यासिन अंसारी, अहमद अंसारी समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन योगेंद्र यादव ने किया।











