Location: चिनियां
गढ़वा (चिनियां)
चिनियां थाना क्षेत्र के सिगसिगा कला गांव में सोमवार को एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे गांव में शोक और सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव निवासी करीब 55 वर्षीय प्रसाद यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, प्रसाद यादव अत्यंत गरीब परिवार से थे और रोज़ाना मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविवार को वह गांव के ही एक व्यक्ति के ट्रैक्टर पर काम करने के बाद शाम करीब 8 बजे घर लौटते हुए देखे गए थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचे। इसके बाद परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की।
रात करीब 10 बजे गांव की सड़क से लगभग 7 फीट नीचे प्रसाद यादव का शव पड़ा हुआ मिला। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना फैलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
ग्रामीणों द्वारा मामले की जानकारी चिनियां थाना प्रभारी अमित कुमार को दी गई। सूचना मिलते ही सोमवार की अहले सुबह करीब 7 बजे पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि प्रसाद यादव की हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया है। वहीं, कुछ ग्रामीणों का कहना है कि अत्यधिक शराब सेवन के कारण वे गिर पड़े, जिससे उनकी मौत हो गई। घटनास्थल पर मृतक के नाक से खून निकलने की बात भी सामने आई है, जिससे संदेह और गहरा गया है।
इस संबंध में थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर शव बरामद किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
खबर लिखे जाने तक घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी रही और पूरे गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती











