
Location: Manjhiaon
मझिआंव (प्रतिनिधि): थाना क्षेत्र के करमडीह गांव में एक 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका की पहचान गांव निवासी वीरेंद्र सिंह की पुत्री वर्षा कुमारी के रूप में हुई है। वर्षा की मृत्यु बुधवार रात हुई, जिसकी जानकारी गुरुवार सुबह पुलिस को मिली।
थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही सब-इंस्पेक्टर संजय कुमार मुंडा को पुलिस बल के साथ करमडीह गांव भेजा गया। हालांकि, तब तक परिजनों ने युवती का अंतिम संस्कार कर दिया था और सभी घर लौट चुके थे।
पुलिस के अनुसार, मृतका के पिता वीरेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार रात वर्षा के पेट में अचानक तेज दर्द हुआ, जिसके बाद उसे पास के महावीर अस्पताल ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में अटौंला के पास उसकी मौत हो गई।
वर्षा की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि वह पढ़ाई कर रही थी और उसकी शादी तय हो चुकी थी। परिजनों के अनुसार, वह कुछ समय से तनाव में थी। पिता वीरेंद्र सिंह का कहना है कि उन्होंने बेटी की डोली ससुराल भेजने का सपना देखा था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था—अब उसी बेटी की अर्थी उठानी पड़ी।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।