Location: Garhwa
गढ़वा:
श्रीकृष्ण गोशाला समिति, गढ़वा की प्रबंध समिति के चुनाव 2026–2030 के तहत निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्रों की स्क्रुटनी प्रक्रिया मंगलवार को नंद कुमार गुप्ता के प्रतिष्ठान में संपन्न हुई। यह प्रक्रिया संशोधित नियमावली/विनियम–2010 के अंतर्गत चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष विवेकानंद उपाध्याय तथा समिति के सदस्यों श्री नंद कुमार गुप्ता, श्री विजय कुमार पांडेय, श्री विजय केसरी एवं श्री अवधेश कुशवाहा की देखरेख में कराई गई।
स्क्रुटनी के दौरान अध्यक्ष पद के लिए प्राप्त दो नामांकन पत्रों की जांच की गई, जिसमें श्री संतोष कुमार सौन्डिक एवं श्री विनोद कुमार पाठक के आवेदन वैध पाए गए और दोनों नामांकन स्वीकृत कर लिए गए।
उपाध्यक्ष पद–1 के लिए प्राप्त एकमात्र आवेदन श्री उपेन्द्र सिंह का तथा उपाध्यक्ष पद–2 के लिए प्राप्त एकमात्र आवेदन श्री घनश्याम प्रसाद का नामांकन भी जांच के उपरांत स्वीकृत किया गया।
सचिव पद के लिए प्राप्त एकमात्र आवेदन श्री श्याम सुंदर प्रसाद का वैध पाए जाने पर स्वीकृत किया गया। इसी प्रकार कोषाध्यक्ष पद के लिए श्री नंदलाल प्रसाद एवं उप-कोषाध्यक्ष पद के लिए श्री प्रवीण कुमार जायसवाल के नामांकन पत्रों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
वहीं उपसचिव पद के लिए प्राप्त एकमात्र आवेदन श्री सुरेश प्रसाद का नामांकन पत्र जांच के दौरान त्रुटिपूर्ण पाया गया। नामांकन पत्र के प्रत्याशी के घोषणा कॉलम में हस्ताक्षर नहीं किए जाने के कारण चुनाव संचालन समिति द्वारा उनका आवेदन अस्वीकृत कर दिया गया।
चुनाव संचालन समिति ने स्पष्ट किया कि सभी निर्णय नियमों के अनुरूप एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ लिए गए हैं। निर्धारित तिथि को नाम वापसी की प्रक्रिया के पश्चात अंतिम प्रत्याशी सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि श्रीकृष्ण गोशाला समिति का मतदान 4 जनवरी 2026 को संपन्न होगा, जिसके बाद उसी दिन मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।











