Location: Manjhiaon

मझिआंव (प्रतिनिधि): श्रावणी मास के दूसरे सोमवार को मझिआंव एवं बरडीहा प्रखंड के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिरों में जलार्पण और पूजा-अर्चना के लिए लंबी कतारें देखी गईं। भोलेनाथ के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।
मझिआंव प्रखंड मुख्यालय स्थित चंद्री शिव मंदिर, मेन बाजार दुर्गा मंदिर, खजुरी मनोकामना शिव मंदिर, राधाकृष्ण मंदिर, दुबे तहले शिव मंदिर, गोपालपुर शिव मंदिर और बरडीहा प्रखंड के श्रुगारी टोला शिव मंदिर, सेमरी मारे गुरु शिव मंदिर समेत अनेक शिवालयों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
खासकर चंद्री शिवालय मंदिर में महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन का आयोजन कर वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया गया। वहीं खजुरी मनोकामना शिव मंदिर में भक्तों ने पूजा-अर्चना कर भगवान शिव से अपने मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की।
स्थानीय श्रद्धालुओं का कहना है कि खजुरी शिव मंदिर में की गई प्रार्थना विशेष फलदायी होती है और भोलेनाथ यहां सच्चे मन से मांगी गई मनोकामनाओं को अवश्य पूर्ण करते हैं।
श्रावणी सोमवार को लेकर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, आस्था और भक्ति का वातावरण बना रहा। मंदिर प्रबंधनों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु व्यापक व्यवस्था की गई थी।











