Location: कांडी
कांडी प्रतिनिधि। कांडी प्रखंड के शिवपुर गांव में बुधवार को एसबीआई संजीवनी क्लिनिक ऑन व्हील्स के माध्यम से स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम राजकीय मध्य विद्यालय, शिवपुर में आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीण पुरुष-महिलाओं के साथ विद्यालय के बच्चे भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. विजय गोस्वामी ने बच्चों को स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी और विद्यालय के शिक्षकों तथा ग्रामीणों को नियमित साफ-सफाई रखने और शौचालय के उपयोग के लिए प्रेरित किया।
पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अरुण राम और पूर्व वार्ड पार्षद अशोक बैठा ने भी स्वच्छता के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला और लोगों से स्वच्छ रहने की अपील की।
कार्यक्रम में एसबीआई फाउंडेशन की रोज संस्था की टीम, विद्यालय के शिक्षक और बच्चों ने मिलकर गांव में जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से नारों के जरिए लोगों, विशेषकर महिलाओं को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया।
मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक देवेंद्र कुमार तिवारी, शिक्षक सरिता कुमारी, सविता चंद्रवंशी, संध्या पाण्डेय, पूर्व सरपंच शिवनारायण पाण्डेय, एसबीआई संजीवनी क्लिनिक के कोऑर्डिनेटर अमरेंद्र कुमार, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन राहुल कुमार, और एएनएम प्रतिमा सहित कई लोग उपस्थित थे।











