Location: Meral

मेराल (गढ़वा)। प्रखंड के लोवादाग पंचायत अंतर्गत खूनधरा गांव के लोग मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर आक्रोशित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अक्टूबर 2024 में तत्कालीन मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर द्वारा सड़क का शिलान्यास किया गया था, लेकिन 10 माह बीत जाने के बावजूद अब तक कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है।
वर्तमान में बरसात के मौसम में सड़क कीचड़ और जलजमाव में तब्दील हो गई है, जिससे गांव में पहुंचना मुश्किल हो गया है। ग्रामीण मुकेश कुमार ने बताया कि “हमारे गांव की कच्ची सड़क इतनी खराब हो गई है कि बाइक या गाड़ी गांव तक नहीं पहुंच पाती। हमें एक किलोमीटर पहले वाहन छोड़कर पैदल घर जाना पड़ता है।”
स्थानीय निवासी विजय यादव ने कहा कि “स्कूली छात्र-छात्राओं को कीचड़ से होकर स्कूल जाना पड़ता है, जिससे कई बार बच्चे गिर भी जाते हैं।” वहीं धर्मेंद्र प्रसाद गुप्ता ने बताया कि “जलजमाव और गड्ढों के कारण मरीजों को अस्पताल पहुंचाना बेहद कठिन हो गया है। गर्भवती महिलाओं को ले जाना सबसे बड़ी चुनौती बन गई है।”
ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क योजना रजबंधा गांव में पीएमजीएसवाई रोड से देवी मंडप, भंडार बस्ती होते हुए भंडार स्कूल तक बननी थी। लेकिन संवेदक की लापरवाही के चलते अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, जिससे लोगों को बरसात में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
सड़क निर्माण की मांग करने वालों में विजय यादव, मुकेश पासवान, नयन यादव, धर्मेंद्र प्रसाद गुप्ता, बबलू यादव, लक्ष्मी यादव, पप्पू यादव, कृष्ण यादव, अखिलेश यादव, अनिल गुप्ता, धनु यादव, द्वारिका यादव सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल हैं। सभी ने सरकार और स्थानीय विधायक से अविलंब सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।











