Location: Garhwa
गढ़वा, 19 सितंबर 2025 — आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा जैसे महापर्वों के मद्देनज़र, गढ़वा विधायक सत्येंद्र तिवारी के निर्देश पर विधायक प्रतिनिधि रिंकू तिवारी ने गढ़वा विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पर्वों के दौरान 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कई अहम मांगें रखीं।
रिंकू तिवारी ने कार्यपालक अभियंता के समक्ष कहा कि गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र सहित पूरे गढ़वा-रंका विधानसभा क्षेत्र में त्योहारों के समय बिजली कटौती न हो, इसके लिए फीडर की व्यवस्था दुरुस्त की जाए। उन्होंने चीनीया रोड फीडर को सर्किट हाउस से जोड़ने का भी अनुरोध किया, जिससे बिजली आपूर्ति अधिक सशक्त हो सके।
शहरी क्षेत्र में कवर तार और ट्रांसफॉर्मर की मांग
शहरी क्षेत्रों में ओपन तारों के स्थान पर कवर तार लगाने की मांग की गई, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। साथ ही, जिन इलाकों में ट्रांसफार्मर की आवश्यकता अधिक है, वहां क्षमता बढ़ाने या नए ट्रांसफार्मर लगाने की अपील की गई।
रिंकू तिवारी ने कहा कि किसी प्रकार की तकनीकी गड़बड़ी या दुर्घटना की स्थिति में विद्युत विभाग को तुरंत समाधान के लिए सक्रिय रहना चाहिए, ताकि आम जनता को परेशानी न हो।
बिजली विभाग का आश्वासन
इस पर कार्यपालक अभियंता ने आश्वस्त किया कि विभाग की ओर से विशेष तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि सहिजना फीडर और करमडीह फीडर को जल्द अलग-अलग किया जाएगा, ताकि लोड वितरण संतुलित हो सके।
उन्होंने यह भी बताया कि जाटा पंचायत क्षेत्र में एक नया पावर हाउस बनाने का प्रस्ताव गढ़वा अंचलाधिकारी (सीओ) को भेजा गया है, जिससे स्थानीय क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को और भी अधिक स्थायित्व मिल सकेगा।
पूरे स्टाफ को पर्वों के दौरान सतर्क रहने के निर्देश
कार्यपालक अभियंता ने कहा कि विभाग की पूरी टीम ने रणनीति तैयार कर ली है और पूजा के दौरान सभी स्टाफ मुस्तैद रहेंगे, ताकि जनता को बिजली संबंधी कोई असुविधा न हो।
मौके पर उपस्थित प्रमुख लोग
इस मौके पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष उमेश कश्यप, प्रतिनिधि अरविंद पटवा, लक्ष्मी पांडे, भाजपा नेता डॉ. सतेंद्र सोनी और मीडिया प्रभारी विकास तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ता भी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।











