Location: Garhwa
गढ़वा नगर परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में पांकी विधायक शशि भूषण मेहता (कुशवाहा) ने भाजपा समर्थित प्रत्याशी कंचन जायसवाल के पक्ष में जोरदार जनसंपर्क अभियान चलाया। प्रचार थमने से पहले उन्होंने पुरन चौक टंडवा क्षेत्र में मतदाताओं से सीधे संवाद कर “बेंच छाप” पर मतदान करने की अपील की।
अपने संबोधन में विधायक शशि भूषण मेहता ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित और विचारधारा आधारित पार्टी है। पार्टी द्वारा कंचन जायसवाल को समर्थित उम्मीदवार घोषित किया गया है, इसलिए सभी कार्यकर्ताओं, नेताओं और समर्थकों का दायित्व है कि वे पार्टी के निर्णय का सम्मान करें और एकजुट होकर उन्हें विजयी बनाएं।
उन्होंने विशेष रूप से कुशवाहा समाज सहित सभी वर्गों के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि नगर परिषद के समग्र विकास के लिए ईमानदार, सक्षम और समर्पित नेतृत्व की आवश्यकता है। कंचन जायसवाल को समर्थन देकर गढ़वा शहर के विकास को नई दिशा दी जा सकती है।
विधायक ने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे स्वयं मतदान करें और अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करें। चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में सभी प्रत्याशी पूरी ताकत से मैदान में डटे हुए हैं और अब मतदाताओं के निर्णय का इंतजार किया जा रहा है।











