Location: कांडी
कांडी: कांडी प्रखंड स्थित सतबहिनी झरना तीर्थ स्थल परिसर में आयोजित आम बैठक के दौरान स्थानीय विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता स्वरूप तीन पीड़ित परिवारों को 50-50 हजार रुपये का चेक प्रदान किया।
यह सहायता रतनगढ़ निवासी विवेक कुमार सिंह, घुरुआ कला निवासी शेख नसीम तथा दरूआ निवासी कृष्णा चौधरी को दी गई। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष का उद्देश्य ज़रूरतमंदों को उपचार एवं अन्य आपात स्थिति में आर्थिक सहयोग देना है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार व्यक्त किया।
बैठक के दौरान विधायक ने सतबहिनी झरना को झारखंड की धार्मिक व सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए इसके समग्र विकास की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि यह स्थल धार्मिक के साथ-साथ पर्यटन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। आने वाले छठ पर्व के लिए विशेष तैयारियाँ की जा रही हैं, और यहां निर्माणाधीन 11 दुकानों को महायज्ञ से पूर्व पूरा कर दुकानदारों को सौंपा जाएगा।
विधायक ने स्थानीय प्रशासन को तीर्थ क्षेत्र में सफाई, सड़क, रोशनी, बैठने की सुविधा एवं पर्यटन विकास योजनाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी को क्षेत्र में लगातार गश्ती करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की बात कही।
विधायक ने बताया कि कांडी प्रखंड के खुटहेरिया यात्री सेड से मगरदह (भवनाथपुर) तक पीडब्ल्यूडी सड़क का निर्माण जल्द शुरू होगा। कार्यक्रम में कांडी थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम समेत कई स्थानीय लोग एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।











