Location: Manjhiaon
मझिआं (गढ़वा)। बरडीहा प्रखंड क्षेत्र के कौवाखोह निवासी लाल बहादुर सिंह ने राजकीय मध्य विद्यालय की नवचयनित विद्यालय प्रबंधन समिति (वीएमसी) के अनुमोदन में रिश्वतखोरी का गंभीर आरोप लगाते हुए उपायुक्त को लिखित आवेदन दिया है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि बीआरसी कार्यालय बरडीहा में बीपीएम के पद पर कार्यरत आरसी मुर्तुजा ने समिति अनुमोदन के लिए 5 हजार रुपये की मांग की। उनका कहना है कि यह राशि जिला स्तर तक पहुंचाई जाती है और बिना भुगतान फाइल आगे नहीं बढ़ेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि आरसी मुर्तुजा लंबे समय से बीआरसी में पदस्थापित हैं और जिला शिक्षा पदाधिकारी से निकटता का लाभ उठाकर अक्सर उगाही करते हैं।
लाल बहादुर सिंह ने मांग की है कि भ्रष्टाचार में लिप्त कर्मी पर कठोर कार्रवाई की जाए और नवचयनित समिति को तुरंत कार्य रूप में लाने का आदेश दिया जाए।
इस संबंध में पूछे जाने पर बीपीएम आरसी मुर्तुजा ने आरोपों से इंकार किया। उन्होंने कहा कि “अनुमोदन में विलंब केवल ऊपर से आदेश प्राप्त नहीं होने के कारण हुआ था। प्रबंधन समिति की प्रक्रिया अब जारी है और पैसे लेने का आरोप पूरी तरह निराधार है।”











