Location: Meral
मेराल: अग्निशमन विभाग की टीम ने मंगलवार को मेराल प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय बाना, प्लस टू उच्च विद्यालय मेराल और एस.डी. मेमोरियल एकेडमी में विद्यार्थियों और शिक्षकों को आग से बचाव के तरीकों के बारे में जागरूक किया।
अग्निशमन पदाधिकारी मंटू सिंह ने बताया कि वरीय पदाधिकारियों एवं विभागीय निर्देश के तहत यह अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें विद्यालय, सरकारी दफ्तर, मॉल और पेट्रोल पंप जैसे भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर मॉक ड्रिल की जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान मंटू सिंह और प्रधान अग्नि चालक आलोक कुमार ने सबसे पहले उत्क्रमित उच्च विद्यालय बाना में आग पर काबू पाने की मौखिक जानकारी दी, फिर डेमो कर दिखाया। इसके बाद एस.डी. मेमोरियल एकेडमी में विद्यार्थियों को आग लगने की स्थितियां, उससे बचाव की विधियां और एलपीजी सिलेंडर में लगी आग को हाथ या भीगे मोटे कपड़े से बुझाने का प्रदर्शन किया गया। अंत में प्लस टू उच्च विद्यालय मेराल में भी इसी तरह मॉक ड्रिल की गई।
मंटू सिंह ने घर के किचन में बरती जाने वाली सावधानियों, एलपीजी गैस के सुरक्षित उपयोग और आग बुझाने की विधियों की भी विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में विद्यालय निदेशक ब्रजेश कुमार मिश्र सहित अरुण कुमार, अमरेंद्र कुमार मिश्रा, मृत्युंजय पांडे, गौतम कुमार, रंजीत शाह, देव कीर्ति टोप्पो, अनिमा कुजूर, मीना केरकेट्टा, नसरीन, अंशु कुमारी और पीयूष कुमार पांडे उपस्थित थे











