Location: पलामू
मेदिनीनगर।सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुआ गांव के भुसही टोला में जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति पर लाठी-डंडा व पत्थर से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में भुसही गांव निवासी सुरेन्द्र चौधरी (50 वर्ष), पिता स्वर्गीय निरंजन चौधरी ने मेदिनीनगर सदर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।आवेदन के अनुसार, 21 दिसंबर 2025 को शाम करीब 4 बजे सुरेन्द्र चौधरी अपने खेत की ओर गए थे। उसी दौरान पास के खेत में जेसीबी से समतलीकरण का कार्य चल रहा था।तभी गांव के ही सुरेन्द्र सिंह (56 वर्ष), पिता स्वर्गीय गंगेश्वर सिंह तथा उनके पुत्र अमित कुमार सिंह (25 वर्ष) मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे और लाठी-डंडा लेकर गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि दोनों ने खेत की ओर आने से मना करते हुए जान से मारने की धमकी दी।पीड़ित का आरोप है कि इसी क्रम में अमित कुमार सिंह ने डंडे से उनके पैर पर वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद सुरेन्द्र सिंह ने गला दबाने का प्रयास किया और पत्थर उठाकर आंख के ऊपर वार कर हत्या का प्रयास किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के दौरान पीड़ित की चीख-पुकार सुनकर गांव के कई लोग मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी फरार हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायल को सदर थाना लाया गया, जहां से प्राथमिक कार्रवाई के बाद इलाज के लिए मेदिनीनगर एमएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां इलाज जारी है।पीड़ित ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि इससे पहले भी आरोपी सुरेन्द्र सिंह द्वारा उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा चुकी है। पीड़ित ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।वही इस घटना के बाद से पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।











