Location: Garhwa
पलामू प्रमंडल की प्रमुख रेल सेवाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर शनिवार को रेलवे सलाहकार समिति सदस्य (धनबाद मंडल) मुरली श्याम सोनी ने माननीय सांसद विष्णु दयाल राम से उनके डाल्टनगंज आवास पर मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र की रेल सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
श्री सोनी ने बताया कि हर वर्ष दिसंबर से फरवरी तक कुहासे के कारण स्वर्ण जयंती झारखंड एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12873/12874) का परिचालन बंद कर दिया जाता है, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा होती है। इस बार भी समाचार पत्रों में इसे दो माह के लिए बंद करने की खबर प्रकाशित हुई है। इस पर सांसद विष्णु दयाल राम ने तत्काल संज्ञान लेते हुए माननीय रेल मंत्री को पत्र लिखकर ट्रेन को बंद नहीं करने का आग्रह किया है।
इसके अलावा बरवाडीह से लखनऊ जाने वाली त्रिवेणी लिंक एक्सप्रेस, जो कोरोना काल में बंद कर दी गई थी, को पुनः चालू करने तथा गढ़वा–रांची मेमू ट्रेन के नियमित परिचालन की भी मांग की गई।
सांसद ने आश्वासन दिया कि वे सभी ट्रेनों के परिचालन बहाली के लिए रेल मंत्रालय से लगातार प्रयासरत हैं। विदित हो कि उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से सांसद एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने भी दुद्धी से त्रिवेणी लिंक एक्सप्रेस को पुनः चलाने की मांग की है। इसी तरह चतरा के सांसद श्री कालीचरण सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी इस ट्रेन को पुनः संचालित करने का अनुरोध किया है।











