Location: Meral
मेराल। एसजीएन मॉडर्न किंडर गार्टन विद्यालय की छात्रा अर्पणा कुमारी ने 13 से 15 जून तक सरायकेला-खरसावां में आयोजित राज्य स्तरीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतकर विद्यालय और गढ़वा जिले का नाम रोशन किया है।
इस संबंध में विद्यालय के निदेशक धर्मेंद्र देव ने बताया कि अर्पणा कुमारी का चयन गढ़वा जिला बॉक्सिंग टीम में हुआ था। प्रतियोगिता में उन्होंने 49 से 61 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया और सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
छात्रा की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय के निदेशक धर्मेंद्र देव ने अर्पणा को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय में मिशन ओलंपिक को ध्यान में रखते हुए छात्र-छात्राओं को बॉक्सिंग सहित विभिन्न खेलों का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अब इसका सकारात्मक परिणाम सामने आने लगा है।
उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी वूमेन्स बॉक्सिंग लीग चैंपियनशिप में विद्यालय की तीन छात्राओं ने पदक जीतकर प्रखंड और जिले का सम्मान बढ़ाया था। विद्यालय के विद्यार्थी न केवल जिले में बल्कि राज्य स्तर पर भी गढ़वा का प्रतिनिधित्व कर जिले को गौरवान्वित कर रहे हैं।
धर्मेंद्र देव ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है। विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराना विद्यालय की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार हमेशा छात्र-छात्राओं के हित और उनके बेहतर भविष्य के लिए तत्पर रहता है।
उन्होंने अर्पणा की सफलता को जिले के अन्य बच्चों के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और उचित मार्गदर्शन से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता प्राप्त की जा सकती है।











