Location: रांची
रांची के लालपुर चौक स्थित मून डिस्को बार के बाहर रविवार रात एक युवक की कार से कुचलकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान गढ़वा जिले के रिरगांवा गांव निवासी अरुण सिंह के 26 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार सिंह के रूप में हुई है।
सोमवार को मृतक के मामा सत्यप्रकाश सिंह ने गढ़वा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया और आगे की कार्रवाई के लिए मामले से संबंधित दस्तावेज रांची के लालपुर थाना को भेज दिए हैं।
प्राथमिकी के अनुसार, रविवार रात करीब 9 बजे सत्यप्रकाश सिंह अपने भांजे अंकित और उसके दोस्तों के साथ मून डिस्को बार गए थे। बार में एक अन्य समूह भी मौजूद था। रात करीब 12 बजे जब सभी लोग बाहर निकले, तो दूसरे समूह के लोगों ने आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट हो गई।
आरोप है कि मारपीट के दौरान अंकित कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी दौरान सड़क पर खड़ी एक सफेद रंग की कार से अंकित और उसके दोस्तों को धक्का मारा गया। इसमें अंकित को गंभीर चोटें आईं, जबकि उसका साथी आकाश कुमार घायल हो गया। आरोप है कि हमलावरों ने दोबारा कार से अंकित को कुचल दिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद घायल अंकित को उसके दोस्त सदर अस्पताल, रांची ले गए, जहां से उसे रिम्स रेफर किया गया। रिम्स में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के दोस्तों अर्णव और सेजल ने घटना में शामिल रमनदीप सिंह, रोशन गुप्ता, अंशुल, विक्की खान और चार–पांच अन्य लोगों को पहचानने का दावा किया है। घटना के बाद सोमवार को अंकित का शव गढ़वा लाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।











