Location: Ramana
रमना (गढ़वा)।
गढ़वा प्रखंड मुख्यालय से होकर गुजरने वाले मुख्य पथ और जुड़ी गली-मोहल्लों में अतिक्रमण हटाने के लिए शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख करुणा सोनी ने की, जिसमें स्थानीय दुकानदारों, जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने हिस्सा लिया।
बैठक में मुख्य पथ के दोनों किनारों से अतिक्रमण हटाने, गली-मोहल्लों की नालियों और पीसीसी सड़कों को मुक्त रखने, दुकानों के बाहर सामान न रखने और घरों व दुकानों से निकलने वाले कूड़ा-कचरे को केवल कचरा वाहन में डालने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रखंड प्रमुख करुणा सोनी ने कहा कि अतिक्रमण के कारण प्रखंड मुख्यालय का क्षेत्र संकरा हो रहा है, जिससे आवागमन और सफाई की समस्या बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि बदलाव लाना जरूरी है। वहीं अंचलाधिकारी विकास पांडेय ने बताया कि प्रभावित लोगों को पहले ही सूचना भेजी जा चुकी है और यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन दंडात्मक कार्रवाई करेगा।
बैठक में सांसद प्रतिनिधि प्रभात कुमार, विधायक प्रतिनिधि रोहित वर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता अनुज कुमार चंद्रवंशी, मुन्ना प्रसाद, बिरैची पासवान सहित अन्य लोगों ने विचार व्यक्त किए। बलजी प्रसाद, लाल बाबू गुप्ता, ब्रह्मदेव शर्मा, योगेंद्र यादव, मंतोष कुमार, कृष्ण कुमार, अशोक प्रसाद, जगनारायण प्रसाद समेत कई लोग भी उपस्थित थे।











