रमना (गढ़वा)।
लंबे इंतजार के बाद शुक्रवार को यूरिया खाद की खेप रमना पहुंचते ही किसानों में हंगामा मच गया। सूचना मिली कि एक ट्रक से करीब पाँच सौ बोरी खाद आई है। जैसे ही यह खबर सुदूर ग्रामीण इलाकों तक पहुँची, सैकड़ों किसान खाद लेने के लिए रमना मुख्यालय पहुंच गए और मौके पर ही ट्रक से खाद वितरण की मांग करने लगे।
भीड़ बढ़ते-बढ़ते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालात बिगड़ते देख स्थानीय दुकानदारों ने प्रशासन की मदद से ट्रक को सुरक्षित थाना परिसर पहुँचा दिया। इसके बाद किसानों का जत्था भी खाद की मांग को लेकर थाने पहुंच गया।
किसानों का कहना है कि धान की रोपाई पूरी हो चुकी है, लेकिन खाद उपलब्ध नहीं होने से फसल कमजोर हो रही है। समय पर खाद नहीं मिलने से पौधों की वृद्धि प्रभावित हो रही है और इससे उत्पादन पर असर पड़ने की आशंका है। किसानों ने प्रशासन से तुरंत खाद वितरण शुरू करने की मांग की।
समाचार लिखे जाने तक खाद का वितरण शुरू नहीं हो पाया था और मायूस किसान खाली हाथ लौट गए।











