Location: Ramana
रमना : क्षेत्र की वर्षों पुरानी बिजली समस्या का समाधान हो गया है। शुक्रवार शाम से भागोडीह ग्रिड परिसर स्थित 33/11 केवीए सब स्टेशन से अलग फीडर के माध्यम से बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई। इसके साथ ही रमना पंचायत में तीन नए ट्रांसफार्मर लगाए गए, जिससे ओवरलोड ट्रांसफार्मर की समस्या समाप्त हो गई।
पहले अधिकांश ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने से बार-बार खराब हो रहे थे। अब नए ट्रांसफार्मर और अलग फीडर के जरिए उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलेगी।
सहायक अभियंता प्रदीप कुमार ने बताया कि अब रमना को सीधे भागोडीह ग्रिड से बिजली दी जा रही है, जिससे वोल्टेज की गुणवत्ता और निरंतरता सुनिश्चित होगी।
वहीं, विधायक प्रतिनिधि रोहित वर्मा और झामुमो नेताओं ने कहा कि अलग फीडर की मांग कई वर्षों से लंबित थी, जिसे विधायक अनंत प्रताप देव ने पूरा किया। उन्होंने कहा कि यह कदम रमना के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। झामुमो कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।











