Location: पलामू
मेदिनीनगर (कांडी प्रतिनिधि): गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत गड़ा गांव निवासी 40 वर्षीय दुकानदार देवेंद्र ठाकुर को शनिवार की रात चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना को अंजाम गांव के ही अपराधी अभिषेक दुबे उर्फ बाबू दुबे ने दिया।
परिजनों के अनुसार, घायल देवेंद्र ठाकुर अपने गांव में किराना दुकान चलाते हैं। आरोपी अक्सर उनसे रंगदारी की मांग करता था। शनिवार की रात वह फिर दुकान पर पहुंचा और रंगदारी मांगने लगा। जब देवेंद्र ठाकुर ने इसका विरोध किया तो अभिषेक दुबे ने उन पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मेदिनीनगर ले गए। यहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें रांची रिम्स रेफर कर दिया। वर्तमान में वे रिम्स के आईसीयू में भर्ती हैं, जहां उनकी स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है।
इधर घटना की सूचना पर कांडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी अभिषेक दुबे को गिरफ्तार कर थाना ले आई। पुलिस द्वारा पूछताछ जारी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद से पीड़ित के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों में भी घटना को लेकर आक्रोश है।











