Location: Ranka
पुलिस अधीक्षक दीपक पाण्डेय के निर्देश पर रंका पुलिस ने एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के तहत पिछले चार दिनों में दो दर्जन से अधिक दोपहिया वाहनों को जब्त किया है। वाहन चालकों को बार-बार बिना वैध दस्तावेजों के वाहन चलाने और हेलमेट नहीं पहनने पर चेतावनी देने के बावजूद सावधानी नहीं बरतने वालों के खिलाफ अब दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी जारी की गई है।
इस संबंध में थाना प्रभारी चेतन कुमार सिंह ने बताया कि रंका शहर में बढ़ती भीड़ और राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की स्थिति के बीच दोपहिया वाहन चालकों द्वारा तेज गति से स्टंट करने की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि स्टंटबाजी करने वाले या तो सुधर जाएं, अन्यथा सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
थाना प्रभारी ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं का मुख्य कारण तेज रफ्तार और अति आत्मविश्वास में वाहन चलाना है। इसलिए सभी वाहन चालकों को अपने परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सावधानीपूर्वक वाहन चलाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चेकिंग अभियान का उद्देश्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।