Location: Ranka
रंका (गढ़वा): लंबे इंतजार के बाद सरकारी स्तर पर सहकारी समितियों द्वारा संचालित पैक्स के माध्यम से सोमवार को धान खरीद के लिए विधिवत क्रय केंद्रों का शुभारंभ किया गया। प्रखंड प्रमुख अनुभा सिंह एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी शुभम बेला तोपनो ने संयुक्त रूप से प्रखंड के पाल्हे एवं सेवाडीह गांव स्थित पैक्स केंद्रों पर पूजा-अर्चना कर, नारियल फोड़ते हुए एवं फीता काटकर धान क्रय केंद्र का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर पाल्हे गांव स्थित पैक्स केंद्र पर 55 क्विंटल धान की खरीद की गई। मौके पर उपस्थित किसान कुंजबिहारी सिंह ने बताया कि क्रय केंद्र पर धान लाने एवं बिक्री करने में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। हालांकि, सरकारी स्तर पर धान खरीद में हुई देरी के कारण कई किसानों ने मजबूरी में अपना धान व्यापारियों को औने-पौने दाम पर बेच दिया है।
सरकार द्वारा धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बताया जाता है कि रंका प्रखंड के तीनों पैक्स केंद्रों पर कुल लगभग चार हजार क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी। इसे लेकर किसानों के बीच संशय एवं चिंता की स्थिति बनी हुई है।
वहीं रंका प्रखंड के तीनों पैक्स केंद्रों पर सोमवार को सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए जा सके। सेवाडीह पैक्स केंद्र के अध्यक्ष परसू ठाकुर ने बताया कि धान क्रय केंद्र का शुभारंभ तो कर दिया गया है, लेकिन विभागीय प्रक्रियाओं के कारण सोमवार को धान की खरीदी नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि निर्देश मिलने के बाद मंगलवार से धान खरीदी शुरू कर दी जाएगी।











