Location: Shree banshidhar nagar
श्री बंशीधर नगर: आम आदमी पार्टी के नेता मंटू पांडेय ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को आवेदन सौंपकर नगर क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में सुधार, अतिक्रमण हटाने तथा जनसुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग की है।
दिए गए आवेदन में उन्होंने कहा है कि नगर पंचायत क्षेत्र के लोगों को यातायात अव्यवस्था, अतिक्रमण और स्वच्छता संबंधी समस्याओं के कारण प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इन समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने जनहित में कई महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं।
उन्होंने जंगीपुर से गोसाईबाग तक मुख्य सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने, नगर क्षेत्र के सभी सार्वजनिक शौचालय एवं मूत्रालयों की नियमित साफ-सफाई, मरम्मत एवं समुचित संचालन सुनिश्चित कराने तथा सब्जी बाजार जाने वाले सभी मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।
इसके अलावा उन्होंने नगर के शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों के परिचालन पर पूर्णतः रोक लगाकर उन्हें बाईपास मार्ग से संचालित करने तथा बड़े मालवाहक ट्रकों के नगर में प्रवेश पर प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक प्रतिबंध लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे शहर में लगने वाले जाम और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका में कमी आएगी।
मंटू पांडेय ने कार्यपालक पदाधिकारी से मांगों पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध करते हुए कहा कि इससे नगरवासियों को यातायात, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं के मामले में बड़ी राहत मिलेगी।











