Location: Meral
मेराल। मोहर्रम पर्व को लेकर शनिवार को मेराल थाना क्षेत्र के ओखरगड़ा और अन्य क्षेत्रों में पुलिस ने प्रशासनिक पदाधिकारियों के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला। इस मार्च का उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सौहार्द और सुरक्षा का संदेश देना था।
थाना प्रभारी विष्णु कांत ने जानकारी देते हुए बताया कि मोहर्रम का जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो, इसके लिए फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया। मार्च में पुलिस निरीक्षक जितेंद्र आजाद, वीडियो सतीश भगत, सीओ यशवंत नायक सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।
फ्लैग मार्च क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरा। इस दौरान आमजन को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की गई। थाना प्रभारी ने बताया कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह के विवाद की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। साथ ही शरारती तत्वों और सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है।











