Location: Meral
मेराल प्रखंड मुख्यालय सहित विभिन्न गांवों में शारदीय नवरात्र की सप्तमी तिथि के बाद अष्टमी को मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। सभी पंडालों के पट खुलने के बाद से पूजा-पाठ के लिए महिला और पुरुष श्रद्धालु लगातार पहुंच रहे हैं।
करकोमा के देवी धाम में पूजा और परिक्रमा के लिए भीड़ बढ़ी है, वहीं बाबा सीतारमण पांडे के द्वारा हो रही भागवत कथा सुनने भी लोग आ रहे हैं। प्रखंड मुख्यालय के शेयर देवी धाम, मेराल बस स्टैंड स्थित जय भवानी संघ पंडाल, मेराल पुरबारा टोला हासनदाग मंदिर परिसर, गोन्दा, दुर्गा मंदिर लातदाग, बिकताम, बसरिया, पेशका, दुलदुलवा समेत कई गांवों में अष्टमी के मौके पर पूजा अर्चना की जा रही है।
पंडालों के पास पूजन सामग्री की दुकानें भी खुल गई हैं। कई स्थानों पर महिलाओं द्वारा दीप पूजन और आरती की जा रही है। क्षेत्र में भक्ति मय वातावरण बना हुआ है। सुरक्षा के मद्देनजर सभी प्रमुख पंडालों पर पुलिस प्रशासन की गश्ती बढ़ा दी गई है।











