Location: Meral
मेराल। प्रखंड सभागार में सीओ सह प्रभारी बीडीओ यशवंत नायक की अध्यक्षता में ‘आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार’ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि सरकार के निर्देशानुसार यह विशेष कार्यक्रम 21 नवंबर से 15 दिसंबर 2025 तक चलेगा।
प्रभारी बीडीओ ने जानकारी दी कि मेराल प्रखंड के सभी 20 पंचायतों में पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य राज्य सरकार की विभिन्न लोक-कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ आम जनता तक पहुँचाना है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों एवं प्रखंड कर्मियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम की व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि अधिकतम लोग शिविर में भाग लेकर अपनी पात्रता के अनुरूप योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
प्रभारी बीडीओ यशवंत नायक ने कहा कि कोई भी पात्र परिवार सरकारी सुविधा से वंचित ना रहे, इसके लिए जन-जागरूकता बेहद आवश्यक है। उन्होंने बताया कि शिविर का शुभारंभ 21 नवंबर, शुक्रवार को ओखरगाड़ा पूर्वी पंचायत में पचफेड़ी मोड़ के पास धुरियाही प्राथमिक विद्यालय परिसर से किया जाएगा। वहीं कार्यक्रम का समापन खोरीडीह पंचायत के मध्य विद्यालय परिसर में आयोजित शिविर के साथ किया जाएगा।
बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, अधिकारियों की जिम्मेदारियों तथा सभी पंचायतों में सुचारु आयोजन सुनिश्चित करने से संबंधित बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।











